दिल्ली। यहां के एक मॉल में दिल दहलाने वाली घटना हुई जब एक लड़की ने काफी बहस के बाद अपनी गलती होने पर भी अपने ब्वॉयफ्रेंड को माफ कर दिया। ब्वॉयफ्रेंड को यकीन ही नहीं हुआ कि उसकी गर्लफ्रेंड ने उसे माफ कर दिया है और वह बेहोश हो गया। हमारे संवाददाता ने जब अस्पताल जाकर मामले की पड़ताल की तो पता चला कि साजन काफी समय से गर्लफ्रेंड के साथ प्यार में था। रिलेशनशिप शुरू होते ही उसे एहसास हुआ कि वो तो सच में गलतियों का पुतला है। वह हर पल इतनी सांसें नहीं लेता था जितना उसकी गर्लफ्रेंड उसकी गलतियां गिनवाती थी। वह सोते हुए भी सॉरी-सॉरी बड़बड़ाता रहता था। साजन ने बताया कि कभी-कभी उसे एहसास होता था कि गर्लफ्रेंड गलती कर रही है और वो डर-डर के अपनी गर्लफ्रेंड को बताने की कोशिश भी करता था परन्तु तभी उसकी गर्लफ्रेंड उसे याद दिला देती थी कि उसने 2 साल 3 महीने 4 दिन पहले रात को 9 बजकर 44 मिनट पर क्या गलती की थी। फिर साजन दोबारा से माफी मांगना शुरू कर देता था। परंतु उसे इस गलती की भी माफी नहीं मिलती थी कि उसने अपनी गर्लफ्रेंड को उसकी गलती बताई। सदमे में आए साजन ने बताया कि जब वो अपनी गर्लफ्रेंड की गलती बता रहा होता था तो उसे ये डर होता था कि कहीं उसकी गर्लफ्रेंड सॉरी न बोल दे। क्योंकि उसकी सॉरी का मतलब होता था कि अब उसकी गलतियों की एक नई फाइल खुलने वाली है। फिलहाल साजन को मनोरोग विशेषज्ञों की निगरानी में रखा गया है और उसे यकीन दिलाने की कोशिश की जा रही है कि वो हमेशा गलतियां नहीं करता और ब्वॉयफ्रेंड भी एक इंसान होता है।
Subscribe to:
Post Comments (Atom)
0 comments:
Post a Comment